बांदा। उत्तर प्रदेश संस्कृत शिक्षा परिषद की परीक्षा गुरुवार को जिले के पांच परीक्षा केंद्रों पर कड़ी निगरानी के बीच कराई गई। पहले दिन दोनों पालियों में 111 परीक्षार्थियों ने किनारा कर लिया। उड़न दस्तों को केंद्रों में कोई नकल सामग्री नहीं मिली। पेपर बेहतर होने पर परीक्षार्थियों के चेहरों पर रौनक नजर आई।
संस्कृत बोर्ड परीक्षा के लिए भगवती प्रसाद ओमर बालिका विद्यालय, जेपी शर्मा इंटर कॉलेज बबेरू, हिंदू इंटर कॉलेज अतर्रा व राजकीय बालिका इंटर कॉलेज तिंदवारी को केंद्र बनाया गया है। इन केंद्रों को सीधे डीआईओएस कार्यालय में बनाए गए मानीटरिंग सेल बनाया गया है, पर गुरुवार को इसमें ताला बंद रहा।
ऐसे में सीसीटीवी कैमरों से निगरानी नहीं हो सकी। प्रथम पाली में पूर्व मध्यमा अनिवार्य संस्कृत विषय में पंजीकृत 288 परीक्षार्थियों में 61 अनुपस्थित रहे। जबकि 227 ने परीक्षा दी। उत्तर मध्यमा में पंजीकृत 238 परीक्षार्थियों में 36 ने परीक्षा छोड़ी।
दूसरी पाली में पूर्व मध्यमा द्वितीय में पंजीकृत 159 परीक्षार्थियों में 14 अनुपस्थित रहे। जबकि 143 ने पेपर दिए। कंट्रोल रूम से बताया गया कि दोनों पालियों में कोई नकलची नहीं पकड़ा गया।