चित्रकूट। देश भर में चल रहे मतदाता सूची में गड़बड़ी व एक नाम कई जगह होने के सर्वे में जिले में भी 11 हजार डुप्लीकेट मतदाता मिले हैं। पंचायत चुनाव के पूर्व मतदाता सूची की जांच का पहला राउंड पूरा हो चुका है। बीएलओ अभी सर्वे के कार्य में लगे हैं। इससे अभी और नाम बढ़ने घटने की संभावना है।डुप्लीकेट मतदाताओं का सत्यापन करने के बाद नाम वोटर लिस्ट से काटा जाएगा।
राज्य निर्वाचन आयोग की तरफ से मतदाता सूची बीएलओ के माध्यम से सर्वे कराया जा रहा है। जिसमें एक ही नाम के मतदाता अलग -अलग गांव की सूची में दर्ज हैं। मंगलवार को बीएलओ ने सूची दी तो 11 हजार मतदाता डुप्लीकेट निकले हैं। जिले में कुल पंचायत चुनाव के लिए जारी मतदाता सूची में छह लाख 78 हजार 423 मतदाता हैं।
अभी नए मतदाताओं का नाम चढ़ाने का कार्य किया जा रहा है। 300 से अधिक बीएलओ कार्य में लगे हैं। अपर जिला निर्वाचन अधिकारी उमेश चंद्र ने बताया कि डुप्लीकेट मतदाता की सूची केवल नाम व पिता के आधार पर उपलब्ध कराई गई है। वास्तविक स्थिति सत्यापन के बाद ही साफ हो सकेगी। जनपद में पिछले महीने नदियों में बाढ़ होने के कारण कुछ गांवों की सड़कों में पानी भरा होने से मतदाता सूची तैयार करने में समस्या हो रही थी। इस समय बीएलओ घर-घर जाकर सर्वे कर मतदाता सूची तैयार कर रहे हैं।
अंतिम प्रकाशन 15 जनवरी को होगा
चित्रकूट। पंचायत चुनाव के लिए मतदाता सूची बनाने का कार्य किया जा रहा है। 19 सितंबर तक सत्यापन पूर्ण करने के बाद बीएलओ 29 सितंबर तक हस्तलिखित मतदाता सूची एसडीएम को सौंपेगे। सात अक्तूबर से 24 नंवबर तक कंप्यूटराइजेशन के बाद पांच दिसंबर पर सूची बूथों में लगाई जाएगी। इसके बाद अंतिम प्रकाशन 15 जनवरी को होगा।
-इनसेट
चित्रकूट। बुधवार को तहसील परिसर में बीएलओ की बैठक एसडीएम पूजा साहू ने की। इसमें मतदाता सूची में नाम चढ़ाने सहित मृतकों के नाम हटाने व डुप्लीकेट नामों की सूची तैयार पर चर्चा की गई।एसडीएम पूजा साहू ने कहा कि चुनाव आयोग के निर्देशों का पालन बीएलओ करें। घर -घर जाकर नए मतदाताओं के नाम जोड़ने का कार्य करें। जिनके नाम सूची में दो बार दर्ज हैं, उनके नाम की सूची बनाए। इस मौके पर तहसीलदार चंद्रकांत तिवारी आदि मौजूद रहे।