बाइक सवार लुटेरों ने कोयला व्यापारी से 1.20 लाख रुपये लूट लिए। पीड़ित ने दो लुटेरों को पहचानने का दावा करते हुए थाने में तहरीर दी है। थानाध्यक्ष ने कहा है कि जांच की जा रही है। जल्द ही खुलासा होगा।
नरैनी रोड रामदरियन पुरवा निवासी शिवकुमार सोनकर पुत्र बच्चीलाल ने पुलिस को तहरीर दी कि उसने फैजाबाद से कोयला मंगाया था। ट्रक चालक को भुगतान देने के लिए वे बुधवार की रात करीब 10 बजे 1.20 लाख रुपये लेकर घर से निकले ही थे कि बाइक पर सवार तीन लुटेरों ने उन्हें घेर लिया और पीटते हुए रुपये छीने व नरैनी की ओर भाग निकले।
शिवकुमार ने बताया कि इसी दौरान थाने के दो कांस्टेबल बाइक पर वहां से गुजरे, लेकिन लूट की इस वारदात को दोनों पुलिसकर्मियों ने नजरंदाज किया और आगे बढ़ गए। शोरशराबा सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। तब तक लुटेरे दूर जा चुके थे।
शिवकुमार ने थाने में दी तहरीर में दो लुटेरों को पहचानने का दावा किया है। उधर, शिवकुमार के भाई घनश्याम सोनकर ने आरोप लगाया कि लुटेरों में एक सपा नेता भी शामिल था, इसीलिए पुलिस कर्मियों ने उन्हें नहीं पकड़ा। पुलिस मुकदमा दर्ज करने में हीलाहवाली कर रही है। थानाध्यक्ष घनश्याम पांडेय का कहना है कि घटना उनके संज्ञान में है। जांच की जा रही है।