बलरामपुर। निकाय चुनाव में पहली बार अपने मताधिकार का प्रयोग करने वाले युवा वोटरों में मतदान को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। सुबह खुशनुमा मौसम में युवा वोट डालने के लिए मतदेय स्थलों पर पहुंच गए। इन युवाओं ने क्षेत्र का विकास, नगर में अच्छे पार्क, लाइब्रेरी व कूड़ा निस्तारण के उचित प्रबंधन को नगर पालिका व नगर पंचायत क्षेत्र की प्राथमिकता बताई। युवाओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग करते समय इन बिन्दुओं पर ध्यान देते हुए अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
कूड़ा निस्तारण की समस्या से राहत की उम्मीद
नगर से निकलने वाले कचरे का प्रबंधन करने की कोई व्यवस्था नहीं है। इस कचरे को गेल्हापुर व नहर बालागंज स्थित सुआंव पुल के निकट कई स्थलों पर जलाया जा रहा है। इससे उठने वाली दुर्गंध व धुआं लोगों को सांस का मरीज बना रहा है। ऐसे में हमें उम्मीद है कि शहर की सरकार इस समस्या से निजात दिलाने के लिए प्रयास करेगी।
- सन्नो, युवा मतदाता
अच्छे पार्क के विकास की आस
हमारे क्षेत्र में कोई अच्छा पार्क नहीं है। सुबह माॅर्निंग वॉक करने से लेकर शाम को कहीं बैठ कर बातचीत करने की कोई व्यवस्था नहीं है। तुलसी पार्क के नाम पर छोटा सा पार्क है, वहां सभी लोग नहीं पहुंच पाते हैं। ऐसे में उम्मीद है कि शहर की सरकार इसको लेकर प्रयास करेगी। इसको ध्यान में रखकर हमने मतदान किया है।
- जूली गुप्ता, छात्रा बीए प्रथम वर्ष
नगर में छात्रों के लिए हो बढि़या लाइब्रेरी
युवाओं को बैठकर पढ़ाई करने के लिए कोई स्थान नहीं है। एमपीपी इंटर कॉलेज में बना एक राजकीय पुस्तकालय सिर्फ नाम का है, वह खुलता ही नहीं है। नगर क्षेत्र में छात्रों के लिए एक अच्छी लाइब्रेरी होनी चाहिए।
- रूचि मिश्रा, छात्रा
शहर को दिलाएं पहचान
नगर पंचायत क्षेत्र की सफाई, सड़क, बिजली व पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में प्रयास करके एक पहचान बनाने का काम शहर की सरकार करेगी। हमने अपने जीवन का पहला वोट विकास को समर्पित किया है।
- श्रद्घा, गैसड़ी