बलरामपुर। अपना जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने सोमवार को जिले का दौरा किया। इस दौरान प्रेसवार्ता में उन्होंने भाजपा सरकार की नीतियों पर निशाना साधते हुए कहा कि इनका खामियाजा युवा, किसान और मजदूर भुगत रहे हैं। उन्होंने कहा कि पढ़े-लिखे युवाओं को रोजगार नहीं मिल पा रहा है और बेरोजगारी लगातार गंभीर समस्या बनी हुई है।
उन्होंने कहा कि देश की 140 करोड़ आबादी में करीब 80 करोड़ लोगों को सरकारी राशन पर निर्भर रहना पड़ रहा है, जो देश के लिए चिंता का विषय है। कभी भारत को सोने की चिड़िया कहा जाता था, लेकिन आज देश गरीबी और बेरोजगारी जैसी चुनौतियों से जूझ रहा है।
स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महंगाई और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के वादे के साथ सत्ता में आए थे, लेकिन जनता को इन समस्याओं से राहत नहीं मिल सकी है। महंगाई में लगातार वृद्धि से आम लोगों का घरेलू बजट प्रभावित हो रहा है।
उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा के मुद्दों पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि जनता को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने में सरकार विफल रही है। देश में लाखों सरकारी स्कूल बंद होने से बच्चों की शिक्षा प्रभावित हो रही है।
स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि युवाओं को रोजगार, किसानों को राहत और मजदूरों को बेहतर जीवन देने के लिए प्रभावी कदम उठाने की जरूरत है।