बलरामपुर के जनक्रांति आईटीआई में पंजीकरण कराते युवा।-संवाद
महदेइया बाजार (बलरामपुर)। उतरौला के जोगीवीर स्थित जनक्रांति आईटीआई में शुक्रवार को रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले में पांच निजी कंपनियों को बुलाया गया था, लेकिन तीन ही कंपनियां पहुंचीं। कंपनियों के प्रतिनिधि ने नौकरी से पहले गैर जनपद में प्रशिक्षण लेने की शर्त रख दी। इस पर तमाम युवा निराश लौट गए। रोजगार मेले में पानी व नाश्ते की व्यवस्था भी नहीं थी। हालांकि सेवायोजन विभाग के अनुसार रोजगार मेले में 80 युवाओं ने पंजीकरण कराया था, इसमें 55 को साक्षात्कार के जरिए नौकरी के लिए चयनित किया गया है।
युवाओं को नौकरी दिलाने के लिए जिला सेवायोजन विभाग की तरफ से रोजगार मेले का आयोजन किया गया। सेवायोजन विभाग ने पांच कंपनियों को बुलाया था, लेकिन मेले में तीन कंपनियां ही पहुंचीं। सिसका इलेक्ट्रिकल एंड मैनेजमेंट, जिनियस इलेक्ट्रिकल एंड इलेक्ट्राॅनिक्स व निमिसन हर्बल इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधियों ने युवाओं की योग्यता के अनुसार विभिन्न पदों के लिए साक्षात्कार लिया। साथ ही कंपनी में नौकरी करने से पहले कानपुर व अयोध्या में प्रशिक्षण लेने की शर्त रखी। इस पर तमाम युवा निराश होकर बिना साक्षात्कार दिए वापस लौट गए। सेवायोजन विभाग के लिपिक दिव्यांश आनंद ने बताया कि युवाओं को रोजगार देने के लिए मेले का आयोजन किया गया। मेले में तीन कंपनियों के प्रतिनिधियों ने युवाओं का साक्षात्कार लिया है।
युवाओं का दर्द
रेहरा बाजार ब्लॉक के सरायखास निवासी मनीष कुमार वर्मा ने कहा कि नौकरी देने से पहले प्रशिक्षण लेने की बात कह रहे हैं। प्रशिक्षण के दौरान मानदेय भी नहीं देंगे। ऐसे में दूसरे जिले में खुद के पैसे से रहकर प्रशिक्षण लेना होगा। विरमापुर निवासी सूरज मिश्र ने बताया कि कोई बड़ी कंपनी नहीं आई है। यह लोग अपने जिले में नौकरी नहीं देंगे। कम पैसों पर दूसरे जिले में काम करना संभव नहीं हो सकेगा।