बलरामपुर। तुलसीपुर के पुरानी बाजार में सोमवार रात घर में जहरीले जंतु के काटने से युवक की हालत बिगड़ गई। सीएचसी में समय से इलाज न मिलने के चलते युवक की मौत हो गई। इसे लेकर लोगों में आक्रोश है। डीएम से मामले की जांच कराकर कार्रवाई की मांग की गई है।
तुलसीपुर के पुरानी बाजार निवासी गौरीशंकर सोनी का बेटा गुदुन (18) सोमवार रात घर में कुछ सामान निकाल रहा था। तभी किसी जहरीले जंतु ने उसे काट लिया। मोहल्ले वालों की मदद से गुदुन को सीएचसी तुलसीपुर पहुंचाया गया। गौरीशंकर का आरोप है कि कई बार फोन करने पर भी डॉक्टर सीएचसी नहीं आए।
गुदुन की हालत बिगड़ने लगी तो सीएचसी की लेडी डॉक्टर ने बिना इलाज किए ही उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान गुदुन की मौत हो गई। डॉक्टरों की लापरवाही को लेकर लोगों में नाराजगी है। भाजपा महिला मोर्चा की महामंत्री मुन्नू तिवारी ने डीएम से मामले में जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। संवाद