बलरामपुर। पचपेड़वा थाना क्षेत्र के डुमरी गांव में एक युवक पर दो अज्ञात लोगों ने पेट्रोल डालकर जिंदा जला दिया। परिजन उसे लखनऊ इलाज के लिए ले जा रहे थे। लखनऊ पहुंचते ही युवक की मौत हो गई। युवक की बेटी की तहरीर पर पुलिस ने दो अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
पचपेड़वा थाना क्षेत्र के डुमरी निवासी हरिकेश सिंह ने रविवार को बताया कि उनके बहनोई सुधीर सिंह (45) सुबह शौच के लिए गए थे। शौच करते समय किसी ने उनके ऊपर पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने का प्रयास किया। उनके बहनोई अंधेरा होने के कारण उसे पहचान नहीं सके और वह जलाकर मौके से फरार हो गए।
शोर मचाने पर पहुंचे गांव के लोगों ने सुधीर के शरीर से आग बुझाई और उनका इलाज कराने के लिए अस्पताल ले गए। हालत गंभीर होने पर सुधीर को लखनऊ के लिए रेफर कर दिया गया है। सुधीर के बेटे सोनू सिंह ने बताया कि लखनऊ पहुंचते ही पिता ने दम तोड़ दिया ।
प्रभारी निरीक्षक थाना पचपेड़वा दुर्गेश कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस टीम भेजी गई है। मृतक की बेटी शिल्पी सिंह की तहरीर पर दो अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन कराई जा रही है।