संवाद न्यूज एजेंसी
रेहरा बाजार/बलरामपुर। रेहरा बाजार क्षेत्र के बड़हरा भिटौरा गांव का एक परिवार सोमवार शाम सड़क हादसे का शिकार हो गया।
गोंडा जिले के धानेपुर थाना क्षेत्र के सुंदरघाट के पास बाइक और स्कूटी की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में बाइक चालक निजामुद्दीन (32) और 11 वर्षीय बालिका गौसिया खान की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में बाइक सवार उनके रिश्तेदार इरफान, उनकी पत्नी अफसरुनिशा और स्कूटी चालक रोहित वर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक, निजामुद्दीन सोमवार शाम करीब छह बजे बाइक से अपने रिश्तेदार इरफान, उनकी पत्नी अफसरुनिशा और उनकी बेटी गौसिया को लेकर रेहरा बाजार की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सुंदरघाट के पास सामने से आ रही स्कूटी से उनकी बाइक की सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि सभी लोग सड़क पर गिर पड़े। हादसे में निजामुद्दीन और गौसिया की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
प्रभारी निरीक्षक दुर्गेश कुमार सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में दोनों वाहन चालकों के हेलमेट नहीं पहनने की बात सामने आई है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस क्षेत्राधिकारी डॉ. जितेंद्र कुमार ने बताया कि मामले की पूरी रिपोर्ट प्रभारी निरीक्षक से मांगी गई है।
फोटो 30 बलरामपुर के सुंदरघाट के पास दुर्घटना में क्षतिग्रस्त हुई बाइक। स्रोत। ग्रामीण