बलरामपुर के पिपरा याकूब के मजरा बभनी में मामले की जानकारी लेती पुलिस। संवाद
श्रीदत्तगंज। क्षेत्र के ग्राम पिपरा याकूब मजरा बभनी में मामूली विवाद में पिटाई से एक बुजुर्ग की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव निवासी मृतक निजामुद्दीन (71) के भाई सलीम ने बताया कि खेत की सिंचाई के लिए दुल्ला खां के यहां से पाइप मंगवाया गया था। सिंचाई के बाद पाइप वापस करने के लिए भतीजे जुबैर को दुल्ला खां के घर भेजा था। वहां दुल्ला खां की बेटी ने पाइप कम होने की बात कहते हुए विवाद शुरू कर दिया। इसी दौरान अकरम, सलमान, राजिद, फरहान, अरमान, सादिक समेत चार-पांच अज्ञात लोग मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि सभी लोगों ने बैट और स्टंप के साथ लाठी-डंडों से जुबैर को घेरकर मारना शुरू कर दिया। शोर सुनकर जुबैर के पिता निजामुद्दीन बीच-बचाव के लिए पहुंचे तो आरोपियों ने उन पर भी हमला कर दिया। परिजनों का आरोप है कि हमले में निजामुद्दीन गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़े और उनकी मौत हो गई।
मारपीट के दौरान बीच-बचाव करने आई जुबैर की बहन अजीजुल को भी आरोपियों ने पीट दिया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में भारी भीड़ जुट गई। प्रभारी निरीक्षक श्रीदत्तगंज अविरल शुक्ल ने बताया कि मामले की एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस की एक टीम गांव में लगाई गई है और एक टीम आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगाई गई है। मौके से आरोपी भाग गए हैं।