बलरामपुर। जनगणना-2027 में इस बार लोगों को अपने परिवार की जानकारी खुद ऑनलाइन दर्ज करने की सुविधा मिलेगी। डिजिटल स्वरूप में होने वाली जनगणना के तहत स्वगणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की व्यवस्था की गई है। इसके माध्यम से नागरिक अपनी सुविधानुसार परिवार से संबंधित निर्धारित जानकारियां ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे।
जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने बताया कि जनगणना देश के विकास से जुड़ी योजनाओं और नीतियों के निर्धारण का महत्वपूर्ण आधार है। इसमें दर्ज आंकड़ों के आधार पर विकास की प्राथमिकताएं तय की जाती हैं। इसलिए जनगणना में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता जरूरी है।
उन्होंने बताया कि स्वगणना की प्रक्रिया पूरी होने के बाद नागरिकों को एक यूनिक आईडी मिलेगी, जिसे सुरक्षित रखना होगा। जनगणना कर्मियों के घर पहुंचने पर नागरिकों को यह आईडी उपलब्ध करानी होगी, ताकि ऑनलाइन दर्ज की गई जानकारियों का सत्यापन कर उन्हें जनगणना प्रणाली में शामिल किया जा सके।
डीएम ने कहा कि डिजिटल स्वगणना से नागरिकों को अपनी सुविधानुसार परिवार की जानकारी दर्ज करने का अवसर मिलेगा। इससे जनगणना की प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने में मदद मिलेगी। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि वे स्वगणना की सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं, परिवार की सही जानकारी दर्ज करें और जनगणना कार्य में लगे कर्मियों को पूरा सहयोग दें।