बलरामपुर। महिलाएं रोडवेज बसों के संचालन की कमान संभालेगी। परिचालकों के पदों पर तैनाती के लिए आवेदन की तिथि बढ़ा दी गई है। महिलाएं अब 25 अप्रैल तक आवेदन कर सकेंगी। बलरामपुर डिपो में 35 पदों पर महिला परिचालकों की तैनाती होनी है। महिलाओं की तैनाती के बाद परिचालकों की कमी दूर हो जाएगी।
उत्तर प्रदेश परिवहन निगम ने महिला सशक्तीकरण की दिशा में अहम कदम उठाया है। महिला परिचालकों की तैनाती के लिए रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। पहले यह मेला आठ से 17 अप्रैल तक होना था, अब इसे बढ़ाकर 25 अप्रैल तक कर दिया गया है। विशेष भर्ती अभियान में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, कौशल विकास मिशन, एनसीसी, एनएसएस व स्काउट गाइड संस्थाओं के सहयोग से महिलाओं को रोजगार मुहैया कराने की पहल की गई है। ऑनलाइन व ऑफलाइन दोनों माध्यम से आवेदन करने का मौका महिलाओं को दिया गया है। एआरएम गोपीनाथ दीक्षित ने बताया कि तिथि बढ़ाकर अधिक से अधिक महिलाओं को रोजगार देने की तैयारी की जा रही है, जिससे परिवहन क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी को नया आयाम मिल सके।