फोटो-15-बलरामपुर के ग्राम पंचायत कटिया में तिरंगा झंडा सिलाई का निरीक्षण करते डीसी एनआरएलएम ।-स
बलरामपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले हर घर तिरंगा अभियान की तैयारियां जिले में तेज हो गई हैं। इस बार राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) से जुड़े महिला स्वयं सहायता समूहों ने तिरंगा निर्माण की जिम्मेदारी संभाली है। जिले में कुल 2 लाख 16 हजार राष्ट्रीय ध्वज तैयार किए जा रहे हैं।
बृहस्पतिवार को प्रभारी डीसी एनआरएलएम सुशील अग्रहरि ने तिरंगा निर्माण केंद्रों का निरीक्षण कर प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं बड़े स्तर पर झंडे तैयार कर रही हैं। इससे जहां अभियान को गति मिलेगी, वहीं ग्रामीण महिलाओं को रोजगार और अतिरिक्त आय का अवसर भी प्राप्त होगा।
उन्होंने बताया कि बलरामपुर विकासखंड को 30 हजार, तुलसीपुर को 28 हजार, हरैया सतघरवा को 27 हजार, गैसड़ी, पचपेड़वा और रेहरा बाजार को 25-25 हजार, उतरौला को 24 हजार, श्रीदत्तगंज को 20 हजार और गैंडास बुजुर्ग को 12 हजार तिरंगे तैयार करने का लक्ष्य दिया गया है।
सभी विकासखंडों को प्रतिदिन निर्धारित लक्ष्य के अनुसार उत्पादन करने और इसकी रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। डीसी ने बताया कि तिरंगा निर्माण में गुणवत्ता और ध्वज संहिता का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। नियमित समीक्षा के माध्यम से यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि निर्धारित समय में सभी झंडे तैयार कर अभियान को सफल बनाया जा सके।