बलरामपुर। जिले के सभी कोतवाली व थानों में तैनात महिला पुलिस आरक्षियों ने 54,500 रुपये का जुर्माना वसूला है। महिला पुलिस आरक्षियों ने 65 वाहनों का चालान किया है और 25 लोगों पर कोरोना प्रोटोकाल का उल्लंघन करने के आरोप में जुुर्माना वसूला है।
एसपी हेमंत कुटियाल ने शनिवार को बताया कि जिले के सभी कोतवाली व थानों में तैनात महिला पुलिस कर्मियों को सड़क सुरक्षा के साथ-साथ कोरोना प्रोटोकाल का पालन कराने का जिम्मा सौंपा गया है।
सभी कोतवाली व थानों की महिला पुलिस कर्मियों ने अभियान चलाकर बिना हेलमेट व ट्रिपलिंग करने वाले दो पहिया वाहन चालकों, बिना सीट बेल्ट व अनियमित नंबर प्लेट लगाकर वाहनों को चलाने वाले चालकों के खिलाफ यातायात नियमों के उल्लंघन के आरोप में कार्रवाई की गई है।
इस कार्रवाई में 65 वाहनों से 40,900 रुपये का चालान किया गया है। इसके अतिरिक्त कोरोना प्रोटोकाल का पालन न करने वाले 25 लोगों से 13,600 रुपये जुर्माना वसूला गया है।
इस दौरान महिला पुलिस कर्मियों ने छात्राओं व महिलाओं को विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी देकर जागरूक भी किया। महिलाओं व बेटियों को पुलिस कर्मियों ने महिला हेल्पडेस्क, 1090, 181, 112 व साक्षी सुरक्षा योजना के बारे में जानकारी दी।