ललिया। लक्ष्मणपुर-भिनगा मार्ग पर निजी बस की टक्कर से घायल महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उसका बेटा गंभीर रूप से घायल है। हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया है।
ग्राम सिरहेया निवासी राम सागर ने बताया कि सोमवार को उनकी पत्नी ऊषा देवी (50) बेटे राम छबीले के साथ बाइक से भिनगा दवा लेने जा रही थीं। रास्ते में लक्ष्मणपुर-भिनगा मार्ग पर एक निजी बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर बहराइच रेफर कर दिया गया। मंगलवार सुबह इलाज के दौरान ऊषा देवी की मौत हो गई। वहीं राम छबीले की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है और उसका बहराइच में उपचार चल रहा है। घटना की सूचना मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया। प्रभारी निरीक्षक मृत्युंजय सिंह ने बताया कि पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया है। मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।