बलरामपुर। हरैया सतघरवा थाना क्षेत्र में चौधरीडीह तुलसीपुर मार्ग पर रविवार देर रात तेज रफ्तार बोलेरो ने बुग्गी (घोड़ागाड़ी) में ठोकर मार दी। इससे बुग्गी सवार तीन महिलाएं व एक पुरुष घायल हो गया। घायलों को सीएचसी सिरसिया में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान एक महिला की मौत हो गई। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
ग्राम गनवरिया लक्ष्मनपुर निवासी मालती, किशोरी, सोनी व राजू रविवार देर रात बुग्गी से मणिपुर बाजार से घर लौट रहे थे। तुलसीपुर-चौधरीडीह स्टेट हाईवे पर तेज रफ्तार बोलेरो ने बुग्गी में ठोकर मार दी। इससे बुग्गी सवार चारों लोग घायल हो गए। जबकि चालक बोलेरो लेकर भाग गया। ग्राम प्रधान संजय सिंह ने घायलों को श्रावस्ती के सिरसिया सीएचसी पहुंचाया।
जहां इलाज के दौरान मालती की मौत हो गई। घायल किशोरी, सोनी व राजू का इलाज चल रहा है। थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार पांडेय ने बताया कि मामले में छानबीन की जा रही है। परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर बोलेरो चालक की तलाश की जा रही है।