बलरामपुर। रेहरा बाजार थाना क्षेत्र के सरायखास बाजार में सोमवार को चार बदमाश ग्राहक सेवा केंद्र में घुसकर संचालक से चाकू के बल पर 70 हजार रुपये लूटकर भाग गए। एसपी ने मौका मुआयना करके मातहतों को शीघ्र वारदात के खुलासे के निर्देश दिए हैं।
सरायखास बाजार स्थित ग्राहक सेवा केंद्र में सोमवार सुबह 10.30 बजे दो बाइकों से चार युवक पहुंचे। इनमें से एक युवक ग्राहक सेवा केंद्र में घुसा और संचालक ओंकार सिंह बबलू से मोबाइल रिचार्ज करने को कहा। तभी उसका दूसरा साथी भी अंदर पहुंचा और उसने पीछे का दरवाजा बंद कर दिया।
इसके बाद बाहर खड़े इनके दो अन्य साथी भी अंदर आ गए और ग्राहक सेवा केंद्र का शटर गिरा दिया। इन लोगों ने ओंकार को चाकू के बल पर धमकाकर कैश बॉक्स की चाभी छीन ली। फिर कैश बॉक्स में रखे 70 हजार रुपये और दो मोबाइल लूटने के बाद दुकान का शटर बाहर से बंद करके भाग गए।
ओंकार ने कंप्यूटर से कई लोगों को घटना के संबंध में मेसेज करके जानकारी दी। इस पर आसपास के दुकानदारों ने शटर खोलकर ओंकार को बाहर निकाला। दिनदहाड़े लूट की वारदात से व्यापारियों में आक्रोश फैल गया। सूचना पर एसपी राजेश कुमार सक्सेना, सीओ उतरौला उदयराज सिंह, रेहरा बाजार इंस्पेक्टर अजय कुमार पांडेय, सादुल्लाहनगर इंस्पेक्टर प्रमोद कुमार सिंह सहित एसओजी, सर्विलांस टीम, स्वाट टीम तथा क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची।
एसपी ने घटनास्थल का जायजा लेकर पीड़ित ओंकार सिंह से पूरे मामले की जानकारी ली। एसपी ने मातहतों को निर्देश दिया कि शीघ्र घटना का खुलासा करके बदमाशों को गिरफ्तार किया जाए।