जरवा। भगवानपुर गांव में सोमवार रात एक 35 वर्षीय महिला को सांप ने काट लिया। महिला को गंभीर हालत में तुलसीपुर सीएचसी से जिला अस्पताल, फिर बहराइच और वहां से लखनऊ रेफर किया गया था। लखनऊ ले जाते समय रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। महिला की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। उसके पांच नाबालिग बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया।
भगवानपुर निवासी श्यामू यादव ने बताया कि उनकी पत्नी संजना (35) सोमवार रात करीब 11:30 बजे घर के फर्श पर परिवार के साथ सो रही थीं। इसी दौरान सांप ने उनके दाहिने हाथ के अंगूठे में काट लिया। कुछ देर बाद उनकी हालत बिगड़ने लगी। परिजन उन्हें किराये के वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तुलसीपुर ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जिला अस्पताल में उपचार के बाद चिकित्सकों ने संजना को बहराइच रेफर कर दिया। बहराइच में उपचार के बाद हालत में सुधार नहीं होने पर उन्हें लखनऊ रेफर किया गया। परिजन उन्हें लखनऊ लेकर जा रहे थे, तभी रास्ते में उनकी मौत हो गई।
मृतका के दो बेटे और तीन बेटियां हैं। मां की मौत के बाद बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की जानकारी मिलने पर समाजसेवी मदनलाल, ग्राम प्रधान सलमान खां, मोहम्मद सलमान, मेहताब और सुनील समेत अन्य लोग घर पहुंचे और परिजनों को ढांढस बंधाया। सीएचसी अधीक्षक सुजीत कुमार ने बताया कि सांप के काटने के बाद महिला को तुलसीपुर सीएचसी लाया गया था। हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया था।
फोटो-35-संजना।-फाइल फोटो