बलरामपुर। नगर के विशुनापुर में रविवार को चौरसिया समाज की बैठक हुई। इसमें बेटियों की शिक्षा व असहाय लोगों की मदद करने पर जोर दिया गया। संपन्न परिवारों को आर्थिक रूप से कमजोर लोगों की मदद करने की अपील की गई।
वरिष्ठ पशु चिकित्सक डॉ. बीआर चौरसिया ने कहा कि भागदौड़ भरी जीवनशैली में हम एक-दूसरे के सुख-दु:ख में शामिल नहीं हो पा रहा है। समाज में भाईचारा बनाए रखने के लिए एक-दूसरे की मदद करना बहुत जरूरी है।
चौरसिया महासंघ के जिलाध्यक्ष गणेश चौरसिया ने बेटियों को उच्च शिक्षा दिलाने पर जोर दिया। कहा कि चौरसिया समाज के किसी भी विद्यार्थी का नीट में उत्तीर्ण न होना बहुत निराशाजनक है। यह हमारे समाज का शिक्षा के प्रति जागरूकता की कमी दर्शाता है। हमें समाज के उत्थान के लिए शैक्षिक स्तर को बढ़ाना होगा।
महामंत्री हरिप्रसाद ने समाज के सभी सदस्यों को शिक्षित और संगठित होने का सुझाव दिया। पूर्व अध्यक्ष श्याम कुमार ने धार्मिक व मांगलिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए नगर में चौरसिया धर्मशाला बनवाने का प्रस्ताव रखा।
चौरसिया संघ का हुआ विस्तार
बैठक में चौरसिया संघ का विस्तार भी किया गया। जिलाध्यक्ष गणेश चौरसिया ने अशोक कुमार को उतरौला व रामदयाल को तुलसीपुर ब्लॉक का अध्यक्ष नामित किया। नवचयनित ब्लॉक अध्यक्षों को पदाधिकारियों ने बधाई दी। इसके बाद लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर अहमदाबाद विमान दुर्घटना में मरने वाले लोगों की आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। इस अवसर पर कोषाध्यक्ष अनिल कुमार, अवधेश कुमार, अखिलेश, सुधीर, सुशील, लल्लन, विपिन, संरक्षक गुरुराम, छोटू, शिवम, प्रमोद, दीपक, राजू व विनोद कुमार आदि मौजूद रहे।