बेनीनगर गन्ना क्रय केंद्र पर जुटे किसान ।
गौरा चौराहा। तुलसीपुर शुगर कंपनी के बेनीनगर केंद्र पर मंगलवार को चार घंटे गन्ने की तौल ठप रही। किसान जितेंद्र सिंह का सहायक गन्ना प्रबंधक धीरेंद्र सिंह के साथ विवाद हो गया। इस पर किसानों ने हंगामा किया। पूर्व गन्ना डायरेक्टर डीपी भारती के समझाने पर मामला शांत हुआ और गन्ने की तौल शुरू हो सकी।
जितेंद्र सिंह के मुताबिक गन्ना पर्ची की समस्या को लेकर सहायक गन्ना प्रबंधक धीरेंद्र सिंह से मंगलवार सुबह करीब नौ बजे विवाद शुरू हो गया। इसके बाद मारपीट होने लगी। मौके पर मौजूद किसान पन्नालाल व बबलू विश्वकर्मा आदि ने बीच-बराव कराया। घटना को लेकर किसान क्रय केंद्र पर जुटने लगे। किसानों ने सहायक गन्ना प्रबंधक से माफी की मांग की। किसानों ने गन्ना तौल ठप करा दी।
करीब चार घंटे तक विवाद रहा। कांटा बाबू विनोद सिंह ने गन्ना प्रबंधक शेखर सिंह को जानकारी दी। गन्ना किसान अजीत भारती, अजीत सिंह, अंकित, राधेश्याम यादव व शत्रुघन मौर्य आदि ने कहा कि जब तक माफी नहीं मागेंगे, तब तक तौल शुरू नहीं होने दी जाएगी। तभी पूर्व गन्ना डायरेक्टर डीपी भारती ने केंद्र पर पहुंचकर किसानों को समझाया। इसके बाद गन्ने की तौल शुरू हो सकी।