बलरामपुर में सोमवार की सुबह छाया घना कोहरा।-संवाद
बलरामपुर। मौसम ने सोमवार को अचानक यू-टर्न ले लिया। सुबह नौ बजे तक नगर में घना कोहरा छाया रहा। इससे ठंड एकदम से बढ़ गई। वाहन सड़क पर लाइट जलाकर रेंगते दिखे। हालांकि 10 बजे के बाद दोपहर में धूप निकलने पर लोगों ने राहत की सांस ली। शाम होते ही ठंड फिर बढ़ गई, जिससे सड़कों पर सन्नाटा पसर गया।
घना कोहरा होने के कारण स्कूली बच्चों और ऑफिस जाने वाले लोगों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। लोग अलाव के पास बैठकर ठंड से बचाव करते नजर आए। धूप निकलने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली और बाजारों में रौनक बढ़ने लगी। शाम पांच बजते ही एक बार फिर ठंड का असर देखने को मिला। सोमवार को जिले में अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस एवं न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रिकाॅर्ड किया गया। जिला आपदा सलाहकार अरुण सिंह का कहना है कि अभी कुछ दिन मौसम में ऐसे ही उतार-चढ़ाव बना रहेगा।