जिला मेमोरियल अस्पताल में मरीज देखते डॉ. ऋषि श्रीवास्तव। संवाद
बलरामपुर। मौसम में बदलाव मरीजों पर भारी पड़ रहा है। सुबह-शाम ठंड व दोपहर में तेज धूप लोगों को बीमार कर रही है। अस्पतालों की ओपीडी में मरीज बढ़ गए हैं। जिला मेमोरियल व संयुक्त जिला चिकित्सालय में ओपीडी 400 के पार पहुंच गई है। इनमें ज्यादातर मरीज वायरल बुखार, सर्दी व जुकाम के शामिल हैं।
जिला मेमोरियल अस्पताल में फिजीशियन डॉ. ऋषि श्रीवास्तव के कक्ष के बाहर मरीजों की भारी भीड़ दिखी। दोपहर 12:10 बजे तक वह 55 मरीज देख चुके थे। उन्होंने बताया कि मौसम में बदलाव के कारण वायरल बुखार के मरीज बढ़ रहे हैं। पिछले दो-तीन दिनों से ऐसे ज्यादा मरीज आ रहे हैं। जिला मेमोरियल अस्पताल में बुधवार को 345 मरीजों की ओपीडी हुई, इसमें 125 मरीज वायरल बुखार, सर्दी व खांसी से पीड़ित थे। इसी तरह संयुक्त जिला चिकित्सालय में 410 मरीजों की ओपीडी हुई, जिसमें से ज्यादातर मरीज मौसमी बीमारियों से पीड़ित थे।
सेहत का रखें ख्याल, न बरतें लापरवाही
एनसीडी के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. ऋषि श्रीवास्तव ने कहा कि इस समय सुबह-शाम और दोपहर के तापमान में ज्यादा अंतर रहता है। ऐसे में लोगों को सेहत का ख्याल रखना होगा। ठंड में सुबह-शाम गर्म कपड़े अवश्य पहनें। जरा सी लापरवाही भारी पड़ सकती है।