बलरामपुर। स्थानीय नगर के सभी 25 वार्डों में 123.73 करोड़ रुपये से सीवर लाइन का जाल बिछेगा। नगर बनने के 133 साल बाद गंदगी व जलभराव से शहर मुक्त होगा। दो हेक्टअर जमीन में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण होगा। नगर के सभी 25 वार्डों में 72 किलोमीटर की दूरी में सीवर लाइन बिछाई जाएगी।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने शहर में सीवर लाइन का निर्माण कराने की सौगात दी है। दो दिवसीय जनपद भ्रमण में सीएम ने शारदीय नवरात्र के पहले दिन नगर में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट निर्माण कराने की आधारशिला रखी है। सीएम की सीवर लाइन की सौगात से नगरवासियों में खुशी की लहर है।
प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम के तहत वित्तीय वर्ष 2018-19 में जिला अल्पसंख्यक कल्याण विभाग ने बलरामपुर नगर में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण कराने के लिए 167.23 करोड़ रुपये का प्रस्ताव तैयार किया। सदर विधायक पल्टूराम, डीएम कृष्णा करुणेश, एक्सईएन जलनिगम मनोज कुमार सिंह व जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी पवन कुमार सिंह ने अथक प्रयास कर बाद में 123.73 करोड़ रुपये का प्रस्ताव केंद्र व प्रदेश सरकार को 50-50 प्रतिशत धनराशि देने के लिए प्रस्ताव भेजा।
सीवेज ट्रीटमेंट का निर्माण कराने के लिए कार्यदायी संस्था जलनिगम ने नगर के सभी 25 वार्डों का सर्वे किया। सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण शुरू कराने के लिए केंद्र व प्रदेश सरकार की तरफ 50 प्रतिशत करीब 61.85 करोड़ रुपये धनराशि निर्गत कर दिया है। सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण अब नलकूप विंग की कार्यदाई संस्था सीएंडडीएस (कांस्ट्रक्शन एंड डिजाइनिंग सर्विसेस नलकूप विंग उत्तर प्रदेश लखनऊ) की तरफ से कराया जाएगा।
नगर पालिका परिषद बलरामपुर की तरफ से दो हेक्टअर जमीन चिन्ह्ति की गई है लेकिन अभी तक सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण कराने के लिए स्वामित्व नहीं दिया गया है। कार्य प्रारंभ करने से पहले भूमि परिवर्तित होने के कारण फिर से डिजाइन का कार्य प्रारंभ किया गया है। रेलवे व एनएच से एनओसी प्राप्त करने के लिए जलनिगम की तरफ से पत्राचार शुरू कर दिया गया है।
वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार बलरामपुर नगर के सभी 25 वार्डों की कुल जनसंख्या 82,488 थी जो वर्तमान में 91,090 है। नगर पालिका परिषद बलरामपुर की अध्यक्ष किताबुन्निशा के प्रतिनिधि शाबान अली ने सीएम के तरफ से दिए गए सौगात की सराहना की और कहा कि सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट निर्माण व सीवर लाइन बिछाने में कार्यदायी संस्था को पूरी मदद दी जाएगी। सीवर लाइन बिछाए जाने से नगर के लोगों को जलभराव व गंदगी से मुक्ति मिलेगी। सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का युद्ध स्तर पर शुरू होगा कार्य
डीएम कृष्णा करुणेश ने बताया कि सीएम की तरफ से दी गई सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण कराने की सौगात बलरामपुर नगर के लोगों के सबसे बड़ा तोहफा है। सदर एसडीएम डॉ. नागेन्द्र नाथ यादव व ईओ नगर पालिका परिषद बलरामपुर राकेश कुमार जायसवाल को सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट की स्थापना के लिए तत्काल दो हेक्टअर जमीन हस्तांतरित कराने, युद्ध स्तर पर कार्यदाई संस्था सीएंडडीएस को सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट व सीवर लाइन का निर्माण कार्य तत्काल शुरू कराने और रेलवे व एनएच को तत्काल एनओसी जारी करने का निर्देश दिया गया है।