बलरामपुर। जिले में रात के समय भारी बारिश हुई। झमाझम बारिश होने से शुक्रवार को मौसम सुहाना हो गया है। पारा गिरने पर लोगों को भीषण गर्मी से निजात मिल गई है। नगर निकायों में कीचड़ व जलभराव से लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश को लेकर किसानों में खुशी है। खेतों में पानी भर जाने से किसानी के काम में तेजी आने की संभावना जताई जा रही है।
बीते कई दिनों से भीष्ण गर्मी से जूझ रहे लोगों को अचानक आए मौसम में बदलाव होने से राहत मिल गई है। दिन भर आसमान में घने बादलों के चलते मौसम सुहाना रहा। रात में भारी बारिश से नगरों में कीचड़ व जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई। पचपेड़वा, तुलसीपुर, उतरौला के साथ जिला मुख्यालय की सड़कें कीचड़ व गंदगी से पट गई जिससे लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
ग्रामीण बाजारों गैसड़ी, सादुल्लाहनगर, रेहरा बाजार, महराजगबंज तराई, हरैया, देवीपाटन व शिवपुरा आदि में भी लोगों को सड़कों पर कीचड़ व गंदगी से जूझना पड़ा। बारिश होने से किसानों को भी लाभ मिलेगा। किसानों ने बताया कि धान की नर्सरी लगाने में पानी के लिए भागदौड़ नहीं करनी पड़ेगी। गन्ने व सब्जियों को भी बरसात के पानी का फायदा हुआ है।