बलरामपुर। खाद्य सुरक्षा विभाग के अफसरों ने नगरीय व ग्रामीण क्षेत्रों के बाजारों में अभियान चलाकर मिलावटखोरों पर शिकंजा कसा है। 12 नमूने जुटाकर मिलावटखोरों को चेतावनी दी गई है।
डीएम कृष्णा करुणेश के निर्देश पर अभिहीत अधिकारी योगेश कुमार द्विवेदी व मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनोद कुमार पांडेय के नेतृत्व में सोमवार को खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए अभियान चलाया गया। डीएम ने दीवाली पर्व के दौरान खाद्य पदार्थो में मिलावट करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई किए जाने की चेतावनी दी है।
टीम ने 17 से 21 अक्तूबर तक बलरामपुर, नगर पालिका उतरौला, नगर पंचायत तुलसीपुर, प्रानपुर व धुसवा सहित कई स्थानों पर खाद्य पदार्थों के दुकानों पर छापा मारा। दुग्ध उत्पादक सहकारी समिति प्रानपुर में शब्बीर अली, किराना स्टोर जनकराम, श्रवण कुमार, मोहम्मद अनीस व संतराम साहू आदि की दुकानों से खोया, दूध, बिस्किट, सोन पपड़ी, बेसन, मिल्क क्रीम, कचरी व नमकीन आदि के कुल 12 नमूने संकलित कर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा गया है।
प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। इस दौरान करीब 15 हजार रुपये का दूषित खोया, मिठाई एवं कचरी भी नष्ट कराया गया है। कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी लालमणि यादव, सत्यवीर सिंह, बागीश मणि त्रिपाठी एवं कमला रावत आदि शामिल रहे। सभी खाद्य व्यवसाइयों को शुद्ध व मानक के अनुरूप खाद्य पदार्थों को बेंचने का निर्देश दिया गया है।