बलरामपुर के संयुक्त जिला अस्पताल में जांच के लिए जुटी मरीजों की भीड़।-संवाद
बलरामपुर। इन दिनों संयुक्त जिला चिकित्सालय में एक्सरे कराने के लिए लोगों की भारी भीड़ जुट रही है। दरअसल, टीबी क्लीनिक में एक्सरे मशीन खराब होने से संयुक्त अस्पताल में सामान्य मरीजों के साथ ही क्षय रोगी भी जांच कराने के लिए पहुंच रहे हैं। भीड़ बढ़ने के कारण मरीजों को जांच कराने के लिए घंटों इंतजार करना पड़ रहा है।
सर्दी के मौसम में हड्डी रोगियों की समस्या बढ़ी है। हड्डी रोग से पीड़ित मरीज संयुक्त जिला चिकित्सालय में एक्सरे कराने आते हैं। सर्दी-जुकाम के मरीज भी जांच के लिए पहुंच रहे हैं। वहीं, टीबी अस्पताल में एक्सरे न हो पाने से संभावित क्षय रोगी भी जांच के लिए इसी अस्पताल में जुट रहे हैं। सुबह नौ बजे आने वाले मरीजों को जांच व रिपोर्ट के लिए 11 से 12 बजे तक इंतजार करना पड़ता है। ऐसे में एक्सरे जांच करवाने वाले मरीज परेशान हो रहे हैं।
भटक रहे मरीज
अस्पताल में एक्सरे जांच करवाने आए राजू व सरला ने बताया कि उनके सीने में दर्द हो रहा है। चिकित्सक ने एक्सरे जांच लिखी है। पर्चा जमा कर दिया है, अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। इसी तरह अपनी बहन की एक्सरे जांच करवाने आए रमेश्वर ने बताया कि वह लोग अपने क्षय रोग अस्पताल गए थे, लेकिन वहां एक्सरे की जांच नहीं हो रही है, इसलिए संयुक्त अस्पताल आए हैं।
तकनीकी जांच के बाद शुरू होगा एक्सरे
जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. एके शुक्ल ने बताया कि एक्सरे मशीन के उपकरण खराब हो गए थे, उन्हें लगवाया गया है। मशीन की तकनीकी जांच के बाद एक्सरे की सुविधा मिलने लगेगी।