बलरामपुर। मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत रविवार को जिले के 1846 मतदान केंद्रों पर विशेष अभियान चलाया गया। अभियान में 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं को वोटर बनाने तथा मतदाता सूची में त्रुटियों का संशोधन करने के लिए लोगों से फार्म भराए गए। अधिकारियों ने भ्रमणशील रहकर मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य का जायजा भी लिया।
डीएम कृष्णा करुणेश ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर रविवार को जिले में मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम का विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के तहत जिले के 1846 मतदान केंद्रों पर मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य के लिए बीएलओ की तैनाती की गई।
जिले के चार विधानसभा क्षेत्रों के मतदाता सूची में एक जनवरी 2021 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवक-युवतियों का नाम जोड़ने के लिए फार्म-6 भरवाया गया। इसी तरह मृतक वोटरों का नाम हटाने, मतदाता सूची की अशुद्धि को दूर करने तथा वोटर का स्थान परिवर्तित करने के लिए भी निर्धारित फार्म भरवाए गए।
जिलाधिकारी के निर्देश पर तहसीलदार बलरामपुर शेख आमलगीर ने प्राथमिक विद्यालय कोड़री मतदान केंद्र का निरीक्षण कर मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य का जायजा लिया। उन्होंने केंद्र पर मौजूद बीएलओ व कर्मियों को आवश्यक दिशा निर्देश देते हुए युवक एवं युवतियों को वोटर बनने के लिए प्रेरित भी किया।
विधान सभा क्षेत्र के उतरौला के बूधीपुर व बैरिया सुर्जनपुर में क्षेत्रीय विधायक राम प्रताप वर्मा ने मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम का जायजा लिया तथा बीएलओ से मतदाता पुनरीक्षण के संबंध में जानकारी ली।
इस अवसर पर बीएलओ राजपति, सुभद्रा, सरिता सिंह, हरिवंश सिंह, विधान सभा प्रमुख सुधीर श्रीवास्तव, धर्म प्रकाश चौहान, दिलीप सिंह व मनोज श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे। इसी तरह नायब तहसीलदार तुलसीपुर ने गैसड़ी शिक्षा क्षेत्र के पूर्व माध्यमिक विद्यालय चरनगहिया स्थित मतदान केंद्र का निरीक्षण किया।