बलरामपुर। गन्ना विकास समितियों के चुनाव को लेकर सरगर्मी बढ़ गई है। मतदाता सूची का 23 सितंबर को प्रकाशन करके निर्वाचन की प्रक्रिया शुरू करा दी जाएगी। 17 अक्तूबर को निर्वाचन प्रक्रिया पूरी हो जाएगी।
जिला सहकारी निर्वाचन अधिकारी/डीएम पवन अग्रवाल ने तीन आरओ व छह एआरओ को तैनात करके प्रक्रिया पूरी कराने का निर्देश दिया है। रिजर्व में भी तीन आरओ व छह एआरओ तैनात किए गए हैं। सहायक जिला सहकारी निर्वाचन अधिकारी/एआर कोऑपरेटिव अमरेश मणि तिवारी ने बताया कि जिले की तीन गन्ना विकास समितियों में निर्वाचन प्रक्रिया शुरू हो गई है। बलरामपुर, उतरौला व तुलसीपुर गन्ना विकास समितियों का चुनाव कराया जाएगा। तीनों समितियों में प्रतिनिधियों का चुनाव कराने के लिए 23 सितंबर को मतदाता सूची का अनंतिम प्रकाशन किया जाएगा। 24 सितंबर को आपत्तियां ली जाएंगी। 25 सितंबर को आपत्तियों का निस्तारण कराने के बाद अंतिम मतदाता सूची जारी कर दी जाएगी। 26 सितंबर को नामांकन पत्रों का दाखिला होगा। 27 सितंबर को नामांकन पत्रों की जांच कराई जाएगी। 30 सितंबर को नाम वापसी के साथ ही चुनाव चिह्न दिया जाएगा। तीन अक्तूबर को मतदान व मतगणना कराई जाएगी।
इसके बाद सात अक्तूबर से प्रबंध कमेटी के सदस्यों का चुनाव होगा। पहले दिन मतदाता सूची जारी की जाएगी। दूसरे दिन आठ अक्तूबर को मतदाता सूची पर आपत्ति ली जाएगी। नौ सितंबर को सभी आपत्तियों का निस्तारण कराकर अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। 10 अक्तूबर को पर्चा दाखिला होगा। 11 अक्तूबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी। 14 अक्तूबर को नाम वापसी के साथ ही चुना चिह्न आवंटित किए जाएंगे। 16 अक्तूबर को मतदान व मतगणना होगी।
इसके बाद 17 अक्टूबर से सभापति, उपसभापति व अन्य समितियों में भेजे जाने वाले प्रतिनिधियों के निर्वाचन की प्रक्रिया शुरू होगी। एक ही दिन में मतदाता सूची जारी करके आपत्तियां निस्तारित कराने के साथ ही मतदान व मतगणना भी कराई जाएगी।