बलरामपुर। खेलो इंडिया यूथ गेम्स के 7वें संस्करण में खेलने के लिए खिलाड़ियों को मौका दिया जाएगा। विभिन्न स्पर्धा के खिलाड़ियों को प्रदेश स्तरीय चयन ट्रायल में चयनित होने के बाद टीम में शामिल किया जाएगा। प्रदेश स्तरीय चयन ट्रायल की तिथि घोषित कर दी गई है।
जिला क्रीडा अधिकारी दिनेश कुमार ने बताया कि चार से 15 मई के बीच बिहार में खेलों इंडिया यूथ गेम्स के 7वें संस्करण का आयोजन किया जाएगा। राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश की टीम भी शामिल होंगे। विभिन्न स्पर्धाओं में टीम बनाने के लिए प्रतिभावान खिलाड़ियों का चयन किया जाना है। वॉलीबाॅल पुरुष व बास्केटबाल पुरुष का चयन ट्रायल 21 अप्रैल को मदन मोहन मालवीय स्टेडियम प्रयागराज में होगा।
22 अप्रैल को लखनऊ के पद्मश्री मोहम्मद शाहिद एस्टोटर्फ स्टेडियम में हॉकी पुरुष का ट्रायल लिया जाएगा। कबड्डी महिला व खो-खो पुरुष का ट्रायल 22 अप्रैल को डॉ. संपूर्णांनंद स्पोर्ट्स स्टेडियम वाराणसी में होगा। इसी तरह मलखंभ पुरुष-महिला के लिए चयन ट्रायल 22 अप्रैल को मेजर ध्यानचंद्र स्पोर्ट्स स्टेडियम झांसी में आयोजित किया जाएगा। प्रदेश स्तरीय चयन ट्रायल में शामिल होने के लिए खिलाड़ियों को संबंधित स्थान पर पहुंचना होगा। चयन ट्रायल में शामिल होने के लिए खिलाड़ियों की आयु 18 वर्ष से कम होनी चाहिए।