बलरामपुर के भगवानपुर में अधूरा पड़ा पानी टंकी का निर्माण ।-संवाद
जरवा। ग्राम पंचायत भगवानपुर में शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू की गई जल जीवन मिशन की करीब दो करोड़ रुपये की परियोजना तीन वर्ष बाद भी अधूरी है। योजना के तहत शुरु हुआ पानी की टंकी का निर्माण पूरा नहीं हो सका है, जबकि पाइपलाइन बिछाने का कार्य भी अधूरा छोड़ दिया गया है। इससे ग्राम पंचायत की लगभग तीन हजार से अधिक आबादी शुद्ध पेयजल के लिए जूझ रही है।
ग्राम पंचायत भगवानपुर के दत्तापुर व भगवानपुर मजरे के ग्रामीणों का कहना है कि योजना की शुरुआत बड़े उत्साह के साथ हुई थी। लोगों को उम्मीद थी कि हर घर तक नल के जरिये शुद्ध पानी पहुंचेगा, लेकिन निर्माण कार्य बीच में ही रुक गया। गांव में जगह-जगह पाइपलाइन डालने के लिए सड़क को खोदाई की गई, जिससे सड़कों की हालत भी खराब हो गई है। अधूरे कार्य के कारण न तो सड़कें सही हो पाईं और न ही पानी की सुविधा मिल सकी। ग्राम प्रधान सलमान खान, अशरफ, अजय सिंह और सुनील कनौजिया ने बताया कि तीन वर्षों से योजना अधर में लटकी हुई है। गर्मी के मौसम में स्थिति और भी खराब हो जाती है, ग्रामीणों को दूर-दराज के हैंडपंपों या अन्य स्रोतों पर निर्भर रहना पड़ता है।
बजट के अभाव में रुका काम
बजट की कमी के कारण निर्माण कार्य प्रभावित हुआ था। अब जेई से अधूरे कार्यों की रिपोर्ट लेकर जल्द ही काम फिर से शुरू कराया जाएगा। - संदीप सिंह, अधिशासी अभियंता जल निगम ग्रामीण