हरैया सतघरवा। स्थानीय थाना क्षेत्र के नेवलगंज, बरदौलिया व मोतीपुर खुर्द गांव के लोग तेंदुए के खौफ से दहशतजदा हैं। ग्रामीण रातभर जागकर परिवार तथा मवेशियों की रखवाली कर रहे हैैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से जंगली जानवरों से सुरक्षा की गुहार लगाई है।
मोतीपुर खुर्द निवासी संजय पासवान ने बताया कि गत शुक्रवार की रात जंगल से गांव में आए तेंदुए ने उनके पालतू कुत्ते को दबोचकर भाग निकला। नेवलगढ़ निवासी मिश्रीलाल मिश्र का कहना है कि शनिवार देर रात गांव में आए तेंदुए ने दरवाजे के सामने बंधे बछड़े को मार डाला।
बरदौलिया निवासी मुस्ताक के घर भी शनिवार की रात तेंदुए ने बकरी को निवाला बना लिया है। इसी गांव के राममूरत व बाऊर पासवान का कहना है कि तेंदुए ने उनके तीन बकरियों को भी अपना निवाला बना लिया है। तेंदुए के दहशत का आलम यह है कि शाम होते ही गांव में सन्नाटा पसर जाता है।
इस संबंध में रेंजर बनकटवा आरके सिंह ने बताया कि मोतीपुर खुर्द, नेवलगंज एवं बरदौलिया में तेंदुए के आमद की सूचना मिली है। ग्रामीणों को हमले से बचने के लिए जागरूक किया जा रहा है।