बलरामपुर। कोरोना महामारी के बढ़ते संक्रमण पर काबू पाने के लिए प्रशासन की तरफ से ग्राम स्तर की निगरानी समितियों को महत्वपूर्ण जिम्मा सौंपा गया है। जिले के तीन ब्लॉकों के नव निर्वाचित ग्राम प्रधानों के साथ गूगल मीट के माध्यम से डीएम श्रुति व सीडीओ रिया केजरीवाल ने वर्चुअल संवाद कर जिम्मेदारी सौंपी है।
निगरानी समितियों से डोर-टू-डोर सर्वे कराया जाएगा। निगरानी समितियों में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा, ग्राम पंचायत सचिवों, बीट आरक्षियों, लेखपालों, हेडमास्टरों, कोटेदारों व सफाई कर्मचारियों को शामिल किया गया है।
डीएम व सीडीओ के गूगल मीट के माध्यम से वर्चुअल संवाद में जुड़कर सदर, तुलसीपुर व हरैया सतघरवा ब्लॉकों के नवनिर्वाचित ग्राम प्रधानों ने दवा किट मुहैया कराने की बात उठाई। सदर ब्लॉक के ग्राम पंचायत रछौड़ा के प्रधान ने दवा किट, तुलसीपुर ब्लॉक के ग्राम पंचायत लालनगर व हरहटा के प्रधानों ने साफ-सफाई व सैनिटाइजेशन कराने की मांग की।
डीएम व सीडीओ ने नवनिर्वाचित ग्राम प्रधानों को बधाई दी और कोरोना महामारी से लड़ने के लिए उनके कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया। प्रधानों की अध्यक्षता में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा, ग्राम पंचायत सचिवों, बीट आरक्षियों, लेखपालों, हेडमास्टरों, कोटेदारों व सफाई कर्मचारियों को शामिल कर निगरानी समितियों का गठन किया गया है।
सभी निगरानी समितियां अपने ग्राम पंचायतों में डोर-टू-डोर सर्वे करके लोगों को कोरोना महामारी के प्रति जागरूक करेंगे। कोरोना के लक्षण वाले व्यक्तियों के ब्यौरा ग्राम समितियां पीएचसी अथवा सीएचसी अथवा आरा टीम को उपलब्ध कराएंगी।
निगरानी समितियां लोगों को डबल मास्क का प्रयोग करने, साबुन से बार-बार हाथ धोने, घरों में सुरक्षित रहने, घरों से बाहर बेवजह न घूमने और सैनिटाइजर का प्रयोग करने के प्रति जागरूक करेंगी।
कोविड-19 मेडिसिन किट आरआरटी टीम वितरित कर रही है। डीपीआरओ नीलेश प्रताप सिंह के निगरानी में जिले के सभी गांवों में साफ-सफाई व सैनिटाइजेशन नियमित कराया जा रहा है।
वर्चुअल बैठक में सीएमओ डॉ. विजय बहादुर सिंह, डीडीओ गिरीश कुमार पाठक व डीपीआरओ नीलेश प्रताप सिंह सहित सभी ब्लॉकों के बीडीओ व एडीओ पंचायत के साथ प्रधान भी शामिल हुए।