महराजगंजतराई/ रेहराबाजार। जनकल्याणकारी योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को घर के नजदीक ही सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए तुलसीपुर और रेहराबाजार विकासखंडों में विकास आपके द्वार अभियान का शुभारंभ हुआ। इस दौरान विशेष वाहनों को हरी झंडी दिखाकर ग्राम पंचायतों के लिए रवाना किया गया।
विकासखंड तुलसीपुर के कौवापुर में खंड विकास अधिकारी सुनील कुमार आर्य ने अभियान वाहन को रवाना करते हुए बताया कि इसके माध्यम से विधवा पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन, प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजना, किसान बीमा योजना तथा मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना समेत विभिन्न योजनाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन किए जाएंगे। इसके तहत ग्राम पंचायत मुड़िला, हड़पुर जनकपुर, मोहनपुर-दयालीडीह, अमरहवा, चैनपुर-बदरिया तथा गैड़हवा में वाहन पहुंचकर लोगों को ऑनलाइन सेवाएं उपलब्ध कराएगा। वहीं रेहराबाजार विकासखंड परिसर में ब्लॉक प्रमुख पंकज सिंह चौहान, बीडीओ सौरभ पांडेय और एडीओ पंचायत इरफान उल्ला खां ने विशेष वाहन को हरी झंडी दिखाकर अभियान की शुरुआत की।
हर दिन तैयार होगा डिजिटल रिकार्ड
अधिकारियों ने बताया कि प्रत्येक विकासखंड के लिए एक विशेष विकास रथ की व्यवस्था की गई है, जिसमें प्रशिक्षित वीएलई ऑपरेटर और चालक तैनात हैं। वाहनों की निगरानी जीपीएस प्रणाली के माध्यम से होगी और प्रतिदिन प्राप्त आवेदनों का डिजिटल रिकॉर्ड भी तैयार होगा। वाहन गांव-गांव पहुंचकर लोगों को योजनाओं की जानकारी देंगे और पात्र व्यक्तियों का मौके पर ही आवेदन एवं पंजीकरण करेंगे। ग्राम पंचायत सचिव, प्रधान और पंचायत सहायक की मौजूदगी में पात्रता का सत्यापन भी किया जाएगा।