बलरामपुर। एमएलके महाविद्यालय के सभागार में मंगलवार को पाठ्य सहगामी गतिविधियों के तहत एकल नृत्य प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें प्रतिभागियों ने अपनी नृत्य प्रतिभा और मंच कौशल का प्रदर्शन किया। छात्रा वर्ग में बीए तृतीय सेमेस्टर की वैष्णवी शुक्ला और छात्र वर्ग में बीए प्रथम सेमेस्टर के विशाल यादव ने प्रथम स्थान हासिल किया।
प्राचार्य प्रो. जेपी पांडेय की अध्यक्षता और मणिका मिश्रा के संयोजकत्व में आयोजित प्रतियोगिता में प्राचार्य ने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताओं का उद्देश्य विद्यार्थियों की छिपी प्रतिभा को निखारना और कला को बढ़ावा देना है। मंच पर प्रस्तुति देने से विद्यार्थियों की झिझक दूर होती है और आत्मविश्वास बढ़ता है। मुख्य नियंता प्रो. वीणा सिंह ने प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
निर्णायक मंडल में शामिल डॉ. स्वदेश भट्ट, लेफ्टिनेंट डॉ. देवेंद्र कुमार चौहान और मणिका मिश्रा ने गीत चयन और प्रस्तुति के आधार पर विजेताओं का चयन किया। छात्रा वर्ग में वैष्णवी शुक्ला प्रथम, एमए प्रथम की खुशी श्रीवास्तव द्वितीय और बीकॉम तृतीय सेमेस्टर की लवी सिंह तृतीय स्थान पर रहीं। बीए तृतीय सेमेस्टर की वैष्णवी पांडेय को सांत्वना पुरस्कार के लिए चुना गया। वहीं, छात्र वर्ग में विशाल यादव ने प्रथम, बीकॉम पांचवें सेमेस्टर के अजय शर्मा ने द्वितीय और बीए प्रथम सेमेस्टर के अंकित ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
इस अवसर पर प्रो. एसपी मिश्र, डॉ. जितेंद्र कुमार, डॉ. साक्षी शर्मा, डॉ. अनुज, डॉ. केके सिंह, डॉ. सुनील शुक्ल, डॉ. एसके त्रिपाठी, डॉ. ओम प्रकाश, डॉ. वंदना सिंह, डॉ. शकुंतला सिंह और डॉ. वर्षा सिंह सहित कई शिक्षक और विद्यार्थी मौजूद रहे।