-बलरामपुर के उतरौला तहसील में स्थित उतरौला-सिद्धार्थनगर-बस्ती मार्ग, जिसका होगा चौड़ीकरण।-संवा
बलरामपुर। राज्यमार्ग-26 उतरौला से सिद्धार्थनगर जनपद तक करीब 20.6 किलोमीटर सड़क की चौड़ाई अब 10 मीटर कराई जाएगी। सड़क को चौड़ा कराने के लिए शासन से 74 करोड़ 75 लाख रुपये बजट भी मिल गया है। सड़क चौड़ी होने के बाद जिले के करीब तीन लाख लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी।
उतरौला से सिद्धार्थनगर जनपद की सीमा तक राज्यमार्ग की चौड़ाई वर्तमान समय में सात मीटर है। इस सड़क को चौड़ा कराने के लिए विभाग ने प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा था। शासन से स्वीकृति मिलने के बाद सड़क के चौड़ीकरण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इस सड़क से प्रतिदिन हजारों लोग आवागमन करते हैं। इसके अलावा जिले के लोगों को बस्ती, सिद्धार्थनगर, संतकबीरनगर व गोरखपुर आदि जनपदों को जाने के लिए भी इसी सड़क का प्रयोग करते हैं। सड़क चौड़ी होने के बाद जिलेवासियों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी। नगरवासी सर्वेश सिंह, सचिन सिंह, राजेंद्र कुमार, इरफान अहमद, मोहित व सुरेंद्र कुमार आदि का कहना है कि सड़क सात मीटर चौड़ी है, लेकिन दो वाहनों के साथ में गुजरने पर अक्सर दुर्घटनाएं हो जाती हैं। सड़क चौड़ी होने के बाद हादसों पर रोक लग सकेगी।(संवाद)
शुरू हुई प्रक्रिया
उतरौला से सिद्धार्थनगर सीमा तक मार्ग को सात मीटर के स्थान पर 10 मीटर चौड़ा कराने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। टेंडर करवाया जा रहा है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद 15 माह के अंदर काम पूरा करा दिया जाएगा। - राजेश कुमार, अधिशासी अभियंता, निर्माण खंड पीडब्ल्यूडी बलरामपुर