कटरा बाजार/माधोपुर। सीएचसी कटरा बाजार में शुक्रवार को सांस की बीमारी से पीड़ित महिला की मौत के बाद हंगामा हो गया। डॉक्टर से कहासुनी होने पर मारपीट का आरोप लगाते हुए चिकित्सकों ने काम बंद कर दिया, जिससे करीब तीन घंटे तक ओपीडी व इमरजेंसी सेवाएं प्रभावित रहीं। बाद में प्रशासनिक अधिकारियों के हस्तक्षेप पर स्वास्थ्य सेवाएं बहाल हुईं। हंगामे के कारण करीब 50 मरीजों को इलाज में परेशानी का सामना करना पड़ा।
बनगांव कटहवा निवासी महफूज ने बताया कि वह अपनी नानी नैयका (52) को इलाज के लिए सीएचसी ले गए थे। उनको सांस लेने में दिक्कत हो रही थी। महफूज के मुताबिक उनके दोस्त व बीएससी नर्सिंग के छात्र नरेंद्र तिवारी ने स्वास्थ्यकर्मियों से ऑक्सीजन लगाने को कहा, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इसी दौरान मरीज की मौत हो गई। इसके बाद लापरवाही के आरोप को लेकर हंगामा हो गया।
नरेंद्र तिवारी ने बताया कि वह दवा लेने सीएचसी गए थे। वहां दोस्त महफूज मिल गए, जिनकी नानी की हालत ज्यादा खराब थी। उन्होंने डॉक्टर से ऑक्सीजन लगाने की बात कही। इसी बात को लेकर विवाद हो गया।
सीएचसी के डॉ. अरुण सिंह ने बताया कि महिला सुबह करीब 11 बजे गंभीर हालत में आई थी। डॉ. प्रियंका ने उपचार शुरू किया और हालत नाजुक होने पर मरीज को रेफर करने की तैयारी की जा रही थी, लेकिन परिजन ले जाने को तैयार नहीं थे। बाद में महिला की सांस तेज होने पर नेबुलाइजेशन किया जा रहा था। इसी दौरान साथ खड़े युवक ने ऑक्सीजन लगाने को लेकर विवाद करते हुए मारपीट की। सूचना पर पुलिस पहुंची और आरोपी नरेंद्र तिवारी को हिरासत में ले लिया।
इंस्पेक्टर विवेक त्रिवेदी ने बताया कि डॉ. अरुण सिंह की तहरीर पर चरेरा निवासी नरेंद्र तिवारी के खिलाफ सरकारी कर्मचारी से मारपीट के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है। वहीं, एसीएमओ डॉ. आदित्य वर्मा ने बताया कि महिला की मौत के मामले की भी जांच कराई जाएगी।