बलरामपुर के एमपीपी इंटर कॉलेज में बोर्ड परीक्षा के लिए सिटिंग प्लान तैयार करते कक्ष निरीक्षक ।
बलरामपुर। जिले के 66 केंद्रों पर माध्यमिक शिक्षा परिषद यूपी बोर्ड की परीक्षा 18 फरवरी को कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू होगी। परीक्षा के पहले दिन हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की हिंदी और सामान्य हिंदी विषय की परीक्षा होगी। नकल विहीन परीक्षा संपन्न कराने के लिए प्रशासन की तरफ से पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। परीक्षा केंद्रों की निगरानी के साथ ही सीसीटीवी कैमरों से सभी परीक्षा कक्षाें की हर गतिविधि पर नजर रखी जाएगी। सभी परीक्षा केंद्रों पर सीटिंग प्लान के अनुसार परीक्षार्थियों के बैठने की व्यवस्था की गई है।
परीक्षा के दौरान गड़बड़ी रोकने के लिए हर केंद्र पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। फर्जी परीक्षार्थियों की धरपकड़ के लिए हर परीक्षा केंद्र पर अलग से एक विशेष टीम मुस्तैद रहेगी। जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन और एसपी विकास कुमार भी केंद्रों का निरीक्षण कर परीक्षा संचालन से जुड़े कार्यों का जायजा लेते रहेंगे। परीक्षा के लिए सुरक्षा के दृष्टिकोण से जिले को तीन जोन व नौ सेक्टर में बांटा गया है। जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ सभी केंद्रों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती कर दी गई है। परीक्षा में नकल रोकने के लिए पांच सचल दल का गठन भी किया गया है।
सभी केंद्रों पर उत्तर पुस्तिकाएं और प्रश्न पत्र भेज दिए गए हैं। उत्तर पुस्तिकाएं अलग- अलग कक्षों में बने स्ट्रांग रूम में रखे गए हैं। परीक्षा से पहले प्रश्न पत्र स्टेटिक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में आंतरिक व वाह्य निरीक्षक की निगरानी में खोले जाएंगे। स्ट्रांग रूम जितनी बार भी खुलेगा, उतनी बार लॉग बुक में इसका विवरण दर्ज होगा। जो परीक्षार्थी अनुपस्थित रहेंगे, उनके क्रम की उत्तर पुस्तिका व प्रश्न पत्र सुरक्षित रखे जाएंगे। उसे जिला विद्यालय निरीक्षक मृदुला आनंद ने बताया कि परीक्षा की तैयारियां पूरी कर ली गई है। नकल विहीन परीक्षा कराने के लिए परीक्षा केंद्रों की कड़ी निगरानी रहेगी।
हिंदी की परीक्षा में शामिल होंगे 36,144 परीक्षार्थी
पहले दिन बुधवार को हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की हिंदी व सामान्य हिंदी विषय की परीक्षा कराई जाएगी। हाईस्कूल की परीक्षा में 11028 छात्र एवं 9826 छात्राएं शामिल होंगी। इंटरमीडिएट में 8128 छात्र एवं 7162 छात्राएं परीक्षा देंगी। जिले में कुल 36,144 विद्यार्थी हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की परीक्षा में शामिल होंगे।
कंट्रोल रूम से की जाएगी माॅनीटरिंग
परीक्षा की मानीटरिंग करने के लिए नगर के एमपीपी इंटर कॉलेज में जनपद स्तरीय कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। इस कंट्रोल रूम से सभी परीक्षा केंद्रों को कनेक्ट करते हुए निगरानी की जाएगी। परीक्षा की मानीटरिंग करने के लिए कंट्रोल रूम में दो प्रभारी और 14 सहयोगी की तैनात किए गए हैं।