बलरामपुर। यूपी बोर्ड परीक्षा केंद्रों की सूची माध्यमिक शिक्षा परिषद प्रयागराज की तरफ से फाइनल हो चुकी है। जिले के 63 केंद्रों पर यूपी बोर्ड परीक्षा कराई जाएगी। हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के 28,852 संस्थागत व व्यक्तिगत परीक्षार्थी 24 अप्रैल से दोनों पालियों में परीक्षा देंगे। परीक्षा की तैयारियां तेज कर दी गई हैैं। डीआईओएस गोविंद राम ने सभी प्रधानाचार्यों को परिषद की तरफ से निर्धारित परीक्षा केंद्रों को संसाधनों से चाक-चौबंद कराने का निर्देश दिया है।
डीआईओएस ने बुधवार को बताया कि यूपी बोर्ड परीक्षा 2021 के लिए माध्यमिक शिक्षा परिषद प्रयागराज की तरफ से 63 केंद्रों की अंतिम सूची फाइनल कर दी गई है। परिषद की तरफ से पहले अंतिम रूप से 52 केंद्रों की सूची जारी करके दावे व आपत्तियां मांगी गई थी। दावे व आपत्तियों के निस्तारण के बाद परिषद ने सूची में शामिल तीन केंद्रों को सुरक्षा मानकों व संसाधनों की कमी के चलते सूची से बाहर कर दिया है। जिला स्तरीय समिति की तरफ से भेजे गए 14 केंद्रों को परिषद ने सूची में शामिल किया है।
हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के 28,852 संस्थागत व व्यक्तिगत परीक्षार्थियों की 24 अप्रैल से 12 मई तक जिले के 63 केंद्रों पर परीक्षा कराई जाएगी। हाईस्कूल में 17,134 व इंटरमीडिएट की परीक्षा में 11,718 संस्थागत व व्यक्तिगत परीक्षार्थी शामिल होंगे। यूपी बोर्ड परीक्षा के दौरान दोनों पालियों में सरकार, प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग की तरफ से जारी कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन कराया जाएगा। नकलविहीन व सुचितापूर्ण ढंग से परीक्षा कराने के लिए सभी केंद्रों की वेबकास्टिंग कराई जाएगी।
परिषद की तरफ से निर्धारित केंद्रों पर डबल वायस रिकॉर्डर, उच्च तकनीक के सीसीटीवी कैमरे, राउटर, डीबीआर व 4-जी ब्रॉडबैंड कनेक्शन जैसी मानकों को चाक-चौबंद कराने का निर्देश प्रधानाचार्यों को दिया गया है। राजकीय हाईस्कूल मधवाजोत के प्रधानाचार्य डॉ. चंदन पांडेय के साथ शीघ्र ही सभी परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण करके चाक-चौबंद व्यवस्थाओं की पड़ताल की जाएगी। निरीक्षण के दौरान परिषद की तरफ से निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर खामियां मिलने पर संबंधित प्रधानाचार्य के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।