बलरामपुर। रेहरा बाजार क्षेत्र में गंधौरनगर चौराहा फिरोजपुर पर बिना लाइसेंस के संचालित एमएस हेल्थ केयर सेंटर को सील किया गया है। संचालक को नोटिस देते हुए स्पष्टीकरण मांगा गया है।
सादुल्लाहनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. विजय भान व चिकित्साधिकारी डॉ. विकल्प मिश्र ने गंधौरनगर चौराहा फिरोजपुर में छापा मारा। एमएस हेल्थ केयर सेंटर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के समय डॉ. वाहिद अली मरीज देखते पाए गए।
अभिलेखों की जांच में सेंटर बिना लाइसेंस के ही संचालित मिला। सेंटर में दो मरीज भर्ती भी थे। नियमों की अनदेखी करते हुए फर्जी तरीके से संचालन पर अधीक्षक ने कड़ी नाराजगी जताते हुए तत्काल सेंटर को सील करा दिया। संचालक को नोटिस देते हुए जवाब तलब किया है। अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. संतोष कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि अवैध क्लीनिक, नर्सिंग होम, पैथोलॉजी व अल्ट्रासाउंड सेंटर की जांच लगातार की जा रही है। निर्धारित मानकों व नियमों का उल्लंघन करने वाले संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। बिना लाइसेंस के संचालित प्रतिष्ठानों को सील करने के साथ ही मरीजों के साथ खिलवाड़ करने वाले चिकित्सक व संचालकों पर एफआईआर दर्ज कराया जाएगा।