उतरौला। गैंड़ास बुजुर्ग क्षेत्र में आयोजित एक समारोह में पहुंचे पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने हाईकोर्ट द्वारा उनकी सुरक्षा एवं शस्त्र लाइसेंस की जांच के आदेश को लेकर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि अदालत से असलहों की जानकारी मांगे जाने की प्रक्रिया सामान्य प्रशासनिक कार्रवाई का हिस्सा है।
पूर्व सांसद ने कहा कि अब असलहा साथ लेकर चलने का दौर बदल चुका है और यह एक अतिरिक्त बोझ जैसा महसूस होता है। उन्होंने कहा कि पहले लोग असलहाधारी नेताओं को प्रभावशाली मानते थे, लेकिन अब जनता ऐसे जनप्रतिनिधियों को पसंद करती है जो सीधे लोगों से जुड़े रहें और लोगों के बीच रहकर काम करें।
अपने राजनीतिक जीवन के संघर्षपूर्ण दौर को याद करते हुए कहा कि जब उनके ऊपर कठिन समय आया था, तब बलरामपुर की जनता ने उनका पूरा साथ दिया। इस मौके पर विधायक रामप्रताप वर्मा, ब्लॉक प्रमुख राकेश तिवारी, हेमंत जायसवाल, चेयरमैन प्रतिनिधि अनूप गुप्त, गन्ना चेयरमैन तोताराम वर्मा, राजेश तिवारी, महेंद्र सिंह, शैलेश गुप्त, राजेश गुप्त आदि मौजूद रहे।