तुलसीपुर (बलरामपुर)। नेशनल हाईवे पर तुलसीपुर थाना क्षेत्र के रमवापुर पेट्रोल पंप के पास साइड में ट्रक रोककर टायर की जांच कर रहे चालक को पीछे से तेज अनियंत्रित डीसीएम चालक ने रौंद दिया। घटना में ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
प्रभारी निरीक्षक थाना तुलसीपुर इकरार अहमद ने बताया कि शुक्रवार की भोर में नेशनल हाईवे पर रमवापुर पेट्रोल पंप के पास बैजपुर निवासी चालक गंगाराम मिश्र (40) ट्रक के टायर की जांच कर रहा था। इसी बीच पीछे से तेज रफ्तार से आ रही डीसीएम ने गंगाराम को रौंद दिया। घटना में गंगाराम की मौके पर ही मौत हो गई।
डीसीएम छोड़कर आरोपी चालक मौके से फरार हो गया। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। फरार डीसीएम चालक की तलाश कराई जा रही है।