बलरामपुर। जिले में बुधवार को हुए अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने घायलों को गंभीर हालत में बहराइच मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है।
पहली घटना तुलसीपुर रोड स्थित बिजलीपुर मंदिर के पास की है। महाराजगंज तराई निवासी शिव सिंह ने बताया कि उनका भतीजा जितेंद्र प्रताप सिंह (25) बाइक से बलरामपुर की ओर आ रहा था। इसी दौरान सड़क किनारे खड़ी खाद से लदे ट्रक से बाइक की भिड़ंत हो गई। टक्कर लगने से जितेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए, उनके पैर में कई जगह चोटें आईं। स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तत्काल जिला मेमोरियल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत नाजुक बताते हुए बहराइच रेफर कर दिया। परिजनों ने बताया कि हादसे के वक्त जितेंद्र ने हेलमेट पहन रखा था, जिससे बड़ी दुर्घटना टल गई।
दूसरा हादसा कोडरी घाट पुल के पास हुआ। शिवपुरा निवासी अब्दुल वदूद ने बताया कि वह अपने बड़े भाई अब्दुल कादिर (45) के साथ बाइक से बलरामपुर जरूरी काम से जा रहे थे। पुल के पास पहुंचते ही उनकी बाइक की स्कूली वाहन से टक्कर हो गई। हादसे में अब्दुल कादिर के सिर में गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों ने उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बहराइच मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। दोनों ही घटनाओं की सूचना संबंधित थानों को दी गई है। उन्होंने हेलमेट नहीं पहन रखा था।