बलरामपुर। जिले के दो स्कूलों के शिक्षकों को राज्य स्तरीय उत्कृष्ट विद्यालय सम्मान मिलेगा। सदर व रेहरा बाजार शिक्षा क्षेत्र के एक-एक स्कूल के दो शिक्षकों का चयन हुआ है।
बीएसए हरिहर प्रसाद ने बुधवार को बताया कि राज्य स्तरीय उत्कृष्ट विद्यालय में शामिल शिक्षकों की सूची शासन स्तर से जारी कर दी गई है। सदर शिक्षा क्षेत्र के इंग्लिश मीडियम प्राथमिक विद्यालय धुसाह की हेडमास्टर प्रतिमा सिंह तथा शिक्षा क्षेत्र रेहरा बाजार के उच्च प्राथमिक विद्यालय सहजौरा के सहायक अध्यापक श्रीराम का चयन किया गया है।
दो शिक्षकों को शीघ्र ही राज्य स्तरीय पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। राज्य स्तरीय उत्कृष्ट विद्यालय के चयन पर लोगों ने खुशी व्यक्त करते हुए दोनों शिक्षकों को बधाई दी है। बीईओ हृदय शंकर लाल श्रीवास्तव, मनीराम वर्मा, महेंद्र कुमार व ओपी कुशवाहा आदि ने दोनों शिक्षकों के कार्य की सराहना करते हुए कहा कि मेहनत व ईमानदारी से किया गया प्रयास हमेशा सफल होता है।