फोटो-19-बेहतर कार्य के लिए पुलिसकर्मी को सम्मानित करते एसपी मार्तंड प्रकाश सिंह ।-स्रोत : विभाग
बलरामपुर। नदी में छलांग लगाने वाली युवती को रात्रि गश्त के दौरान सकुशल बचाने वाले थाना गौरा चौराहा के हेड कांस्टेबल वीरेंद्र कुमार और कांस्टेबल मुकेश कुमार यादव को पुलिस अधीक्षक मार्तंड प्रकाश सिंह ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
10 सितंबर की रात दोनों पुलिसकर्मी पिपरा पुल के पास गश्त कर रहे थे। इसी दौरान एक युवती पुल पर पहुंची और अचानक नदी में छलांग लगा दी। युवती को नदी में गिरते देख दोनों पुलिसकर्मियों ने बिना देर किए नदी में उतरकर उसे सकुशल बाहर निकाल लिया।
पुलिस ने युवती के परिजनों को घटना की सूचना दी। कुछ देर बाद मौके पर पहुंचे उसके भाई और अन्य परिजनों को युवती सुरक्षित सौंप दी गई। पुलिस अधीक्षक ने दोनों पुलिसकर्मियों की तत्परता, साहस और मानवीय संवेदनशीलता की सराहना करते हुए उनके कार्य की प्रशंसा की।