पेहर बाजार। उतरौला-मनकापुर मार्ग पर बृहस्पतिवार को बारिश के बीच सड़क के गड्ढों से बचने के दौरान दो पिकअप आमने-सामने भिड़ गईं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सब्जी लदी पिकअप का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक उसी में फंस गया। स्थानीय लोगों ने शीशा तोड़कर चालक को निकालने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद लोहे की रॉड से क्षतिग्रस्त हिस्से को फैलाकर चालक को बाहर निकाला गया।
वजीरगंज निवासी चालक पूर्वराम वर्मा सब्जी लेकर उतरौला की ओर जा रहे थे। दूसरी पिकअप के चालक मोहम्मद रईस बिलरिया स्थित बक्से के गोदाम जा रहे थे। हादसे में रईस सुरक्षित बच गए, जबकि पूर्वराम को स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकालकर एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया।
मौके पर 112 पिकेट और पेहर चौकी की पुलिस मौजूद रही। स्थानीय लोगों के अनुसार उतरौला से दतौली चीनी मिल तक सड़क की एक साइड में जगह-जगह गड्ढे हैं। बारिश में सड़क की स्थिति और खराब हो गई। गड्ढों से बचने के लिए वाहन चालकों को अक्सर दूसरी साइड से निकलना पड़ता है, जिससे आमने-सामने टक्कर का खतरा बना रहता है। लोगों का कहना है कि सड़क की मरम्मत नहीं होने से यहां हादसे का खतरा लगातार बना हुआ है। सीओ डॉ. जितेंद्र कुमार ने बताया कि वाहन चालकों को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। निगरानी भी बढ़ाई गई है।