बलरामपुर में सड़क हादसे में घायल दो और नेपाली युवकों की मौत हो गई। अब मरने वालों की संख्या तीन हो गई है। वहीं हालत नाजुक होने पर तीन घायल युवकों को मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर किया गया है।
यूपी के बलरामपुर में सड़क हादसे में घायल दो और नेपालियों की शुक्रवार को मौत हो गई। जबकि तीन लोगों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर किया गया है। हादसा छह दिन पहले जरवा कोतवाली के नगई मोड़ के पास हुआ था। यहां साइकिल सवार को बचाने के चक्कर में स्कॉर्पियो हादसे का शिकार हो गई थी। उस दिन एक युवक की मौत हो गई थी।
विज्ञापन
नेपाल के दांग तुलसीपुर से स्कॉर्पियो 22 मार्च को वाराणसी जा रही थी। स्कॉर्पियो में चालक सहित 10 लोग बैठे थे। कोतवाली जरवा के नगई मोड़ के पास साइकिल सवार को बचाने के चक्कर में स्कॉर्पियो सड़क के किनारे पेड़ से टकरा गई। एंबुलेंस से सभी घायलों को सीएचसी तुलसीपुर भर्ती कराया गया।
सीएचसी तुलसीपुर के डॉक्टर ने दांग तुलसीपुर निवासी प्रवीण खत्री (66) को मृत घोषित कर दिया था। दूसरे दिन जिला मेमोरियल अस्पताल में इलाज के दौरान धनबलि व युवराज की मौत हो गई है। हालत गंभीर होने पर दांग तुलसीपुर निवासी जय बहादुर (84), लालमोती (65) और कैलाशी (35) मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया है।
घायल नौमैत्री (50) का जिला मेमोरियल अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। एएसपी योगेश कुमार ने बताया कि घटना में अन्य तीन लोगों को हल्की चोट लगी थी। इनका उपचार करके घर भेज दिया गया था। घटना के कारणों की छानबीन कराई जा रही है।