महाराजगंज तराई/बलरामपुर। बरहवा रेंज के कौवा गांव में मंगलवार की रात करीब आठ बजे बाग में दो तेंदुआ दिखाई दिए, इससे ग्रामीणों में दहशत हैं। ग्रामीणों ने गांव में पिंजरा लगाकर तेंदुओं को पकड़वाने की मांग की है।
ग्राम कौवा निवासी जमुना ने बताया कि वह मंगलवार रात करीब आठ बजे वह शौच के लिए गए थे। मनबोध सिंह के बाग में टॉर्च की रोशनी में दो तेंदुए दिखाई पड़े। तेंदुओं को देखकर वह भयभीत हो गए और शोर मचाया। जब तक ग्रामीण पहुंचते तब तक दोनों तेंदुए राप्ती नदी के तरफ भाग गए। कुछ दिन पहले गांव में ही तेंदुए ने बछड़े को अपना निवाला बनाया था। आए-दिन गांव के आसपास तेंदुए देखे जा रहे हैं।
ग्रामीण पप्पू, भुरे, रमेश चंदर व निब्बर आदि ने तेंदुओं को पकड़वाने के लिए गांव में पिंजरा लगवाने की मांग वन विभाग के अधिकारियों से की है। किठूरा, बेला, साखीरेत, चंदनजोत, बरगदही, सुखदेवपुरवा व चिकनौटा आदि गांवों में भी तेंदुओं के देखे जाने से ग्रामीणों में दहशत है। बरहवा रेंज के रेंजर अमरजीत प्रसाद ने बताया है कि सूचना मिली है। गांव में वन विभाग की टीम भेजी जा रही है।