देहात (बलरामपुर)। अनियंत्रित एसयूवी ने बाइक सवार को ठोकर मार दी। घटना में दो लोग गंभीर रुप से घायल हो गए। हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने दोनों घायलों को इलाज के लिए लखनऊ रेफर कर दिया है।
नगर कोतवाल रामाश्रय राय ने बताया कि सोमवार को कोतवाली क्षेत्र के बिजलीपुर गांव के पास नेशनल हाईवे पर अनियंत्रित एसयूवी ने बाइक सवारों को ठोकर मार दी। घटना में हरैया थाना क्षेत्र के भरपुर चेकिया निवासी सुखराम (50) और अमरेश (30) गंभीर रूप से घायल हो गए।
दोनों घायलों को इलाज के लिए पुलिस की मदद से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने के चलते प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल के डॉक्टर ने दोनों घायलों को इलाज के लिए लखनऊ रेफर कर दिया है। वाहन को कब्जे में ले लिया गया है। चालक की तलाश की जा रही है।