बलरामपुर। पंचायती राज, शिक्षा तथा जनजातीय कार्य मंत्रालय भारत सरकार के संयुक्त तत्वावधान में 30 अक्तूबर को दिल्ली के डॉ. भीमराव आंबेडकर अंतरराष्ट्रीय केंद्र में मॉडल ग्रामसभा कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। कार्यशाला में देश के 200 चयनित प्रतिनिधि प्रतिभाग करेंगे। इसमें उत्तर प्रदेश से जिले के दो ग्राम प्रधानों का चयन किया गया है।
डीपीआरओ श्रेया उपाध्याय ने बताया कि पचपेड़वा विकास खंड के ग्राम रमवापुर के प्रधान शशि कुमार और ग्राम धवाई के ग्राम प्रधान अनुज कुमार मिश्रा शामिल हैं। दोनों प्रधानों का नामांकन निर्धारित प्रारूप पर चयनित कर मंत्रालय को प्रेषित किया गया है। यह पहल युवाओं को ग्रामसभा की प्रक्रिया से जोड़ने और स्थानीय शासन में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में एक सार्थक कदम है।
उन्होंने बताया कि कार्यशाला में प्रतिभागियों को मॉडल ग्रामसभा की अवधारणा, युवाओं की भूमिका, डिजिटल ग्राम शासन प्रणाली और सामाजिक सहभागिता जैसे विषयों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्राम पंचायतों को आधुनिक, सहभागी और युवाओं की सोच के अनुरूप विकसित करना है। (संवाद)