फोटो-26-बलरामपुर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जोकहिया का निरीक्षण करते सीएमओ।-स्रोत : विभाग
बलरामपुर। स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति परखने के लिए मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी ने बुधवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जोकहिया का निरीक्षण किया। इस दौरान दो चिकित्साधिकारी समेत 15 स्वास्थ्यकर्मी बिना सूचना के ड्यूटी से अनुपस्थित मिले। सीएमओ ने सभी का वेतन रोकने के निर्देश देते हुए स्पष्टीकरण तलब किया है। संतोषजनक जवाब न मिलने पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने पीएचसी की ओपीडी, लैब, प्रसव कक्ष और औषधि भंडार का जायजा लिया। साथ ही अस्पताल भवन और परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था भी देखी। उपस्थिति पंजिका की जांच में कई चिकित्सक और कर्मचारी गैरहाजिर पाए गए।
अनुपस्थित पाए गए कर्मियों में महिला चिकित्साधिकारी डॉ. रेनू, डॉ. नमिता, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी रूपाली, स्वतंत्र कुमार, देवेश श्रीवास्तव, एनएमएस बृजेश सिंह, एलएचबी पुष्पलता श्रीवास्तव, वार्ड आया ललिता जायसवाल, वार्ड बॉय अवनीश तिवारी, फार्मासिस्ट सुनील कुमार गुप्त, पीएमडब्ल्यू शैलेंद्र तिवारी, स्टाफ नर्स निधि पांडेय, गीता यादव, लैब टेक्नीशियन संजय गिरि और वार्ड आया सोनी देवी शामिल हैं।
ड्यूटी में लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए सीएमओ ने प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. जावेद अख्तर को सभी अनुपस्थित कर्मचारियों से स्पष्टीकरण लेने और वेतन रोकने की कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अस्पताल में तैनात सभी अधिकारी और कर्मचारी समय से उपस्थित रहकर मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराएं। मरीजों के उपचार में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।